यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी लोजपा (रामविलास), वाराणसी में प्रदेश अध्यक्ष ने किया बड़ा ऐलान
वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से रविवार को वाराणसी के फुलवरिया स्थित पार्टी कैंप कार्यालय समर्पण वरुणा पुरी कॉलोनी में प्रेस वार्ता एवं सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान उपस्थित रहे। उन्होंने आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा कि “क्यों मांगे उधार, अब अपना नेता है तैयार” मिशन के तहत पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोजपा (रामविलास) निर्णायक भूमिका निभाएगी और पार्टी के बिना सरकार बनाना आसान नहीं होगा।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में दलित और वंचित समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज के फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी सचिव हिमांशु पासी की हत्या, जैसलाल सरोज को जिंदा जलाने और किरन पाल की हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन घटनाओं में “सपा समर्थित गुंडों” की भूमिका रही है।
उन्होंने कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र की घटना का भी जिक्र किया, जिसमें एक ही परिवार के पांच अनुसूचित समाज के लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाए जाने की बात कही गई। राजीव पासवान ने कहा कि वंचित समाज को केवल राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया गया है और अब लोग जागरूक हो रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वर्गीय रामविलास पासवान के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को सम्मान दिलाने, संसद के सेंट्रल हॉल में उनका चित्र स्थापित कराने तथा राष्ट्रीय अवकाश घोषित कराने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया था। साथ ही रेलवे कुलियों को स्थायी करने और दूरसंचार सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में आशुतोष सिंह गहरवार, प्रशांत श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव, विशाल सिंह, राज नीरज सिंह और गुर प्रसाद राणा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

