गंगा सफाई अभियान में मिल रहीं शराब और बीयर की बोतलें, गंगा सेवकों ने जताई चिंता
वाराणसी। गंगा सफाई अभियान के दौरान गंगा के पवित्र तट से बड़ी मात्रा में बीयर और शराब की खाली बोतलें मिलने पर गंगा सेवकों ने चिंता व्यक्त की है। गंगा सेवक शिवम अग्रहरि और रामप्रकाश जायसवाल ने कहा कि मां गंगा के आंचल से इस तरह का कचरा निकलना बेहद चिंताजनक है और यह लोगों की लापरवाही को दर्शाता है।

गंगा सफाई अभियान के दौरान रामप्रकाश जायसवाल ने कुछ ही मिनटों के श्रमदान में भारी मात्रा में कचरा और शराब व बीयर की बोतलें एकत्र कीं। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। केवल सफाई अभियान चलाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि लोगों को गंगा में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति भी छोड़नी होगी।
शिवम अग्रहरि ने बताया कि रामप्रकाश जायसवाल पिछले कुछ महीनों से एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण शारीरिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उनके पैर में गंभीर चोट आई थी, जिसके चलते वह पहले की तरह नियमित रूप से अभियान में शामिल नहीं हो पाते। इसके बावजूद उनके उत्साह और समर्पण में कोई कमी नहीं आई है। जब भी अवसर मिलता है, वह पूरे जोश और लगन के साथ गंगा सफाई अभियान में जुट जाते हैं।
गंगा सेवकों का कहना है कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा और उसके घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा कचरा और प्लास्टिक सहित किसी भी प्रकार का अपशिष्ट नदी में न डालें।
निर्जला एकादशी से पहले दशाश्वमेध पर स्वच्छता अभियान
आगामी 25 जून को निर्जला एकादशी के अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन और गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर के तत्वावधान में दशाश्वमेध घाट से प्रयाग घाट तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। 137 बटालियन, 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स के जवानों और गंगा सेवकों ने संयुक्त रूप से श्रमदान कर गंगा तट से कपड़े, पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें, निर्माल्य समेत अन्य कचरा एकत्र किया, जिसे नगर निगम के सहयोग से निस्तारण के लिए भेजा गया। अभियान का उद्देश्य गंगा की निर्मलता बनाए रखने के साथ घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाना रहा।
अभियान का नेतृत्व नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि और गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट ने किया। उन्होंने कहा कि गंगा निर्मलीकरण अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर जय विश्वकर्मा, रामप्रकाश जायसवाल, भीम सिंह, सुरेंद्र, राजेश, रेनू जायसवाल, चारुशिला सिन्हा, महिमा, गुड़िया रस्तोगी, मगन सहित अनेक गंगा सेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।

