वाराणसी में तेंदुए का आतंक, 12 घंटे में तीन लोगों को किया जख्मी, गांवों में दहशत
वाराणसी। वाराणसी में इस समय तेंदुए का आतंक व्याप्त है। बीते 10–12 घंटों के भीतर तेंदुए ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। इस हमले के बाद वाराणसी के एक दर्जन से अधिक गांवों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के चेहरे पर भय स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। लोगों ने अपने घरों की सुरक्षा स्वयं संभाल ली है और लाठी-डंडों के साथ रातभर पहरा दे रहे हैं। महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। तेंदुए की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों को लेकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है। जानवर को पकड़ने के लिए टीम लगातार अभियान चला रही है। संभावित ठिकानों पर पिंजड़ा लगाया गया है और कई जगह जाल भी बिछाया गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर महिलाओं और बच्चों को अंधेरा होते ही घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। तेंदुए की गतिविधियों को सुबह के समय सीसीटीवी कैमरों में भी कैद किया गया है, जिससे उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हालांकि, अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। फिलहाल तेंदुए के हमले में घायल लोगों का इलाज चल रहा है और पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।


