वाराणसी में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025: 135 ग्रामों में 29 मई से शुरू होगा कार्यक्रम
वाराणसी। : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और कृषि अनुसंधान परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार, विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत 29 मई से 12 जून 2025 तक वाराणसी के चिन्हित क्षेत्रों में किसानों और वैज्ञानिकों के बीच विचार-विमर्श के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, कृषि व संबंधित विभागों के अधिकारी, और प्रगतिशील किसानों की संयुक्त टीमें किसानों के साथ मृदा, फसल, उर्वरक, बीमारियों, दलहन, तिलहन, और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसे विषयों पर चर्चा करेंगी। साथ ही, योजना के संबंध में किसानों से फीडबैक भी लिया जाएगा।

अभियान के सुचारू संचालन के लिए आज मुख्य विकास अधिकारी, वाराणसी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप कृषि निदेशक श्री अमित जायसवाल ने बताया कि वैज्ञानिकों, अधिकारियों, और प्रगतिशील किसानों की तीन टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम एक दिन में तीन अलग-अलग ग्रामों में अभियान में भाग लेगी, जिससे एक दिन में नौ ग्रामों को कवर किया जाएगा। 29 मई से 12 जून तक कुल 135 ग्रामों में यह अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के सफल आयोजन के लिए ग्राम प्रधानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किसानों को शामिल किया जाए। ग्रामों में अभियान के स्थल, तिथि, और समय की जानकारी पहले से प्रसारित की जाए। साथ ही, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, और सहकारिता विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एन.के. सिंह, और अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

