काशी की बेटी श्रेया सिंह ने न्यायिक सेवा परीक्षा में लहराया परचम, पहले प्रयास में हासिल की पांचवीं रैंक

WhatsApp Channel Join Now

उत्तराखंड PCS-J परीक्षा में शानदार सफलता से बढ़ाया वाराणसी का मान, बीएचयू से एलएलएम के बाद कर रहीं पीएचडी

वाराणसी। काशी की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा (PCS-J) में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में प्रदेश स्तर पर पांचवीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे वाराणसी का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। श्रेया की सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो न्यायिक सेवा में जाने का सपना देख रहे हैं।

इंपीरियल पब्लिक स्कूल से बीएचयू तक का सफर
मूल रूप से वाराणसी के बड़ी पटिया, बजरडीहा की रहने वाली श्रेया ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा अस्सी स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पांच वर्षीय बीए-एलएलबी की डिग्री हासिल की। कानून के क्षेत्र में उच्च अध्ययन के लिए उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से एलएलएम किया। वर्तमान में वह बीएचयू के विधि संकाय से पीएचडी कर रही हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में टीचिंग असिस्टेंट (टीए) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।

पहले भी न्यायिक परीक्षाओं के साक्षात्कार तक पहुंचीं
श्रेया की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में पहली ही बार में पांचवीं रैंक हासिल की है। इससे पहले वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा और वर्ष 2023 में राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा में भी उन्होंने अपने पहले प्रयास में साक्षात्कार चरण तक का सफर तय किया था। लगातार प्रयास और अनुभव से उन्होंने अपनी तैयारी को और मजबूत किया, जिसका परिणाम इस शानदार सफलता के रूप में सामने आया।

समय-सारणी और अनुशासन को बताया सफलता का मंत्र
श्रेया ने अंग्रेजी माध्यम से न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी की। इसके लिए उन्होंने प्रयागराज में कोचिंग के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए एक व्यावहारिक समय-सारणी बनाना और उसका नियमित एवं अनुशासित तरीके से पालन करना बेहद जरूरी है।

गुरु, परिजनों और शिक्षकों को दिया श्रेय
अपनी सफलता का श्रेय श्रेया ने अपने आध्यात्मिक गुरु एवं रामचंद्र मिशन (हार्टफुलनेस) के अध्यक्ष और ग्लोबल गाइड कमलेश देसाई पटेल 'दाजी' के आशीर्वाद को दिया। साथ ही अपने बड़े पापा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह की प्रेरणा, माता-पिता के सहयोग और बीएचयू में अपने पीएचडी सुपरवाइजर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल मौर्य के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताया।

शिक्षित परिवार से रखती हैं ताल्लुक
श्रेया के पिता डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह सेवानिवृत्त आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं, जबकि माता माया सिंह रामचंद्र मिशन की वाराणसी में जोनल एवं केंद्र संयोजक हैं। उनके बड़े भाई शशांक सिंह बीटेक करने के बाद जिमीपाल टाटा ग्रुप में मैनेजर हैं। दूसरे भाई मयंक सिंह एमबीए करने के बाद लखनऊ स्थित एलपीसीपीएस में विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

युवाओं को दिया सफलता का संदेश
न्यायिक सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए श्रेया ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप व्यावहारिक समय-सारणी बनाकर बिना घबराए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। धैर्य, अनुशासन और मेहनत से सफलता जरूर मिलती है।

BK Pathak
BK Pathak

21815 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story