जुलाई में होगा काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह, समय पर परिणाम जारी करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी विद्यापीठ में इस वर्ष 48वां दीक्षांत समारोह जुलाई माह में आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्यपाल के निर्देशों के अनुपालन में विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है, हालांकि अंतिम तिथि पर अभी निर्णय होना बाकी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम समय से घोषित करने की है। दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जानी है, ऐसे में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी परीक्षाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और परिणाम भी निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी कर दिए जाएं।

शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के उद्देश्य से उच्च स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। हाल ही में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रवेश, परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करते हुए जुलाई में दीक्षांत समारोह आयोजित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक दफ्तर की ओर से सभी संकायों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे परीक्षा से जुड़े कार्यों को समय से पूरा करें, ताकि परिणाम जारी करने में किसी प्रकार की देरी न हो। इससे विद्यार्थियों को समय पर उनकी डिग्री मिल सकेगी और आगे की पढ़ाई या रोजगार में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।

Share this story