काशी-तमिल संगमम : रंगों में साकार हुई काशी-तमिल संस्कृति की एकता, अस्सी घाट पर सजीं आकर्षक रंगोलियां
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत को एक सूत्र में पिरोने वाले काशी तमिल संगमम-5.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से विभिन्न प्री-इवेंट गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को अस्सी घाट पर रंगोली प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों की सुंदर छटा बिखेरी।
प्रतियोगिता में बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अलग-अलग विषयों और संदेशों पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाईं। किसी ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को रंगों में उकेरा तो किसी ने सामाजिक सरोकारों और परंपराओं को अपनी कलाकृति का विषय बनाया। अस्सी घाट पर सजी रंगोलियां पर्यटकों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस वर्ष काशी तमिल संगमम-5.0 की थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। तिरुक्कुरल प्राचीन तमिल साहित्य का महत्वपूर्ण ग्रंथ है, जिसकी रचना कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर ने की थी। नैतिकता और सदाचार पर आधारित इस ग्रंथ को अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इन्बम (काम) तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। इसके माध्यम से जीवन मूल्यों और आदर्श आचरण की शिक्षा दी जाती है। इसी क्रम में बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर में संध्या भजन का आयोजन भी किया गया।
काशी तमिल संगमम के कोऑर्डिनेटर अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि प्री-इवेंट गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को आयोजन से जोड़ना है। रंगोली प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक विरासत तथा एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

