देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now

20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मनेगी देव दीपावली

गंगा में पहली बार 'टू-वे लेन सिस्टम' से चलेंगी नावें, 10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगा सुरक्षा घेरा

24 नवंबर की शाम चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध पर महाआरती और काशी विश्वनाथ धाम के सामने होगी ग्रीन आतिशबाजी

भीड़ नियंत्रण के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन से निगहबानी, ई-स्कूटर पर गश्त करेगी पर्यटक पुलिस

शहर को जाम से बचाने के लिए 7 बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल तय, प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित रहेंगे ऑटो व ई-रिक्शा

पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, आपात स्थिति के लिए तैयार होगा 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर

लखनऊ, 11 नवंबर:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखकर इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी को परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और तय समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्यमंत्री ने इसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसमें महिला स्वावलंबन के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपक भी शामिल किए गए हैं। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था के लिए पूरे घाट क्षेत्र और रेतीले तट को सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि समूची काशी में इसका प्रभाव दिखाई दे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएं। 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नाविकों से संवाद कर उनका सुरक्षा और सुव्यवस्था की दृष्टि से प्रशिक्षण कराने की जरूरत पर बल दिया।

अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे और दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को अंतिम रूप देते समय आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए। 

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इसके लिए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित कर जोनल व सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की गई है। घाटों पर 27 वॉच टावर, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं तथा ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस लगातार गश्त करेगी।

नदी में सुरक्षा और नावों के संचालन को लेकर अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की भीड़भाड़ से सीख लेते हुए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और सामने रेतीले ओर से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। राहत व बचाव के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस निरंतर गश्त करेंगी तथा चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन सक्रिय रहेगा। घाटों पर चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी तैनात रहेंगे।

यातायात व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पं.दीनदयाल अस्पताल सहित प्रमुख सरकारी व निजी अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होते ही घाटों की सफाई करा दी जाए, ताकि अगले दिन तड़के स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने टैक्सी, होटल, रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सही मूल्य पर सेवायें उपलब्ध कराने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली आस्था के साथ-साथ काशी के आतिथ्य और प्रशासन की कार्यकुशलता का भी प्रतीक है। इसके आयोजन में अधिकाधिक स्थानीय लोगों को सहभागी बनाया जाए। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां से एक अविस्मरणीय और सुखद अनुभव लेकर लौटें, यह सुनिश्चित करना सभी का सामूहिक दायित्व है।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23594 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story