कपसेठी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अपहरण के आरोपी को पकड़ा, किशोरी सकुशल बरामद
वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार 7 मार्च 2026 को थाना कपसेठी की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम भीषमपुर स्थित परमहंस आश्रम के पास से आरोपी मजनू उर्फ रितेश पुत्र राकेश, निवासी ग्राम शहंशाहपुर, थाना राजातालाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि इस मामले में पीड़िता के पिता ने 6 मार्च 2026 को थाना कपसेठी में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री सुबह घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। बाद में पता चला कि आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर थाना कपसेठी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

