जंसा पुलिस ने मूकबधिर 10 वर्षीय बालक को खोजकर परिजनों को सकुशल सौंपा
सुबह घर से अचानक हो गया था लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हरसोस निवासी अनिल राजभर ने सुबह करीब 7 बजे थाना जंसा पहुंचकर सूचना दी कि उनका पुत्र यश राजभर, जो मूकबधिर एवं श्रवणहीन है, अचानक घर से लापता हो गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस से मदद मांगी गई।

पुलिस ने तुरंत शुरू की सघन तलाश
सूचना मिलते ही थाना जंसा पुलिस सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक पवन कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा जंसा और मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी नेहा सिंह सहित पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में सघन तलाश अभियान शुरू किया। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई।
कुरौना बाजार से सकुशल बरामद
लगातार प्रयासों के बाद बालक को कुरौना बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
परिजनों ने जताया आभार
बालक के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी जंसा पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि यदि किसी को भी किसी बच्चे के लापता होने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

