प्रशिक्षण पूर्ण होने पर आईपीएस मानसी दहिया को दी गई भावभीनी विदाई
वाराणसी। जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत 77वें आरआर (वर्ष 2023) बैच की परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को शनिवार को एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि में मानसी दहिया ने अनुशासित कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे उन्हें व्यावहारिक पुलिसिंग का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मानसी दहिया ने कमिश्नरेट की विभिन्न शाखाओं और इकाइयों में कार्य करते हुए पुलिस प्रशासन के विविध पहलुओं को समझा। विशेष रूप से उन्हें थाना चोलापुर का 12 सप्ताह के लिए स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था। इस अवधि में उन्होंने थाना प्रशासन का कुशल संचालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किया। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ तथा लोगों का विश्वास मजबूत हुआ।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने मानसी दहिया को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल और उज्ज्वल सेवाकाल की कामना की। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल, प्रमोद कुमार, नीतू सहित कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

