बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर भव्य समारोह, नर्सिंग स्टाफ को मिला सम्मान
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना के केंद्रीय चिकित्सालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार के कुशल नेतृत्व में किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा कर्मियों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के सम्मान में कैंडल लाइट के साथ शपथ ग्रहण की, जिसमें उन्होंने रोगियों की सेवा समर्पण, मेहनत और मानवता के भाव के साथ करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए नर्सिंग स्टाफ को प्रेरित किया और मानवता की सेवा को सर्वोच्च कर्तव्य बताया। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें हमारा भविष्य—सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए मरीजों की बेहतर देखभाल, दवाओं के उचित प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में सतर्कता से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुलिका सिंह, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. एस. के. मौर्या तथा डॉ. मिन्हाज अहमद ने भी अपने विचार रखे। वहीं डॉ. सौरभ सागर ने स्वरचित कविता के माध्यम से नर्सों के योगदान को रेखांकित किया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. पूनम सिंह ने नर्सों को कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखते हुए बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. विशाल मिश्रा, डॉ. सौरभ, डॉ. अब्दुल माबूद, डॉ. हिमांशु रंजन, डॉ. आरजू खर्रे, डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. प्रेक्षा पांडे सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। मुख्य नर्सिंग अधीक्षक चंद्रकला राव, सीता कुमारी सिंह, कमला श्रीनिवासन, उषा सिंह, अनीता चंद्रा सहित अनेक नर्सिंग कर्मियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

