सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging : A Journey of Love’ को लेकर काशी में बढ़ी दिलचस्पी, अजय राय ने खरीदी पुस्तक

WhatsApp Channel Join Now

अस्सी स्थित हार्मोनी द बुक शॉप पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बोले- प्रेम, त्याग, संघर्ष और समर्पण के छह दशकों की अनकही कहानी समेटे है पुस्तक

वाराणसी। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर काशी में भी पाठकों की उत्सुकता बढ़ गई है। पुस्तक के बाजार में उपलब्ध होने के बाद राजनीतिक, सामाजिक और साहित्यिक जगत से जुड़े लोगों में इसे पढ़ने की दिलचस्पी देखी जा रही है। बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय अस्सी घाट स्थित हार्मोनी द बुक शॉप पहुंचे और सोनिया गांधी की आत्मकथा प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने पुस्तक को प्रेम, अपनापन, त्याग, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की छह दशकों से अधिक लंबी यात्रा का दस्तावेज बताया।

अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में इस पुस्तक को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता है। इसकी मांग भी काफी अधिक है। पाठक सोनिया गांधी के व्यक्तिगत अनुभवों, पारिवारिक जीवन, राजनीतिक संघर्षों और देश के प्रति उनके योगदान को जानना चाहते हैं। यह पुस्तक केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति और समकालीन इतिहास में रुचि रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पुस्तक के शीर्षक ‘Belonging: A Journey of Love’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके कवर पर लगी दोनों तस्वीरें इसकी विषयवस्तु को विशेष अर्थ देती हैं। पुस्तक के मुख्य कवर पर वर्ष 1966 की सोनिया गांधी की तस्वीर है, जिसे स्वर्गीय राजीव गांधी ने उस समय अपने कैमरे में कैद किया था, जब वह सोनिया गांधी के पिता से उनका हाथ मांगने इटली गए थे। वहीं, पिछले कवर पर वर्ष 2026 की तस्वीर है, जिसे उनके नाती रेहान वाड्रा ने खींचा है। एक तस्वीर प्रेम और नए रिश्ते की शुरुआत को दर्शाती है तो दूसरी जीवन के छह दशकों के अनुभवों, संघर्षों और यादों की परिपक्वता को सामने लाती है। इन दोनों तस्वीरों के बीच की कहानी में परिवार, रिश्ते, पीड़ा, संघर्ष और जीवन के अनेक अनकहे अनुभव समाहित हैं।

123

इटली से भारत तक की यात्रा के अनछुए पहलू
अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी के जीवन को केवल राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में नहीं देखा जा सकता। उनका जीवन व्यक्तिगत त्याग, पारिवारिक जिम्मेदारियों, राजनीतिक चुनौतियों और सार्वजनिक जीवन में समर्पण की लंबी यात्रा है। इटली से भारत आकर भारतीय परिवार और संस्कृति को अपनाना, राजीव गांधी के साथ जीवन की शुरुआत करना और बाद में अप्रत्याशित परिस्थितियों के बीच देश की राजनीति में अपनी भूमिका निभाना उनके जीवन के महत्वपूर्ण अध्याय हैं। पुस्तक के माध्यम से पाठकों को इन पहलुओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण प्रसंग वर्ष 2004 का है, जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) को बहुमत मिलने के बाद उनके सामने प्रधानमंत्री बनने का अवसर था। इसके बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय लिया। यह भारतीय संसदीय राजनीति का उल्लेखनीय प्रसंग है। उनके नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं और क्षेत्रीय दलों को एक मंच पर लाने का प्रयास भी हुआ।

व्यक्तिगत दुखों के बीच सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं
अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में कई कठिन परिस्थितियों और व्यक्तिगत दुखों का सामना किया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खोने का पारिवारिक दुख हो या राजनीतिक जीवन की चुनौतियां, उन्होंने धैर्य और दृढ़ता के साथ परिस्थितियों का सामना किया। इसके बावजूद सार्वजनिक जीवन और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन जारी रखा। उनके अनुसार, सोनिया गांधी का त्याग, धैर्य और समर्पण कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि पुस्तक में गांधी परिवार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित परिवार के जीवन से जुड़े अनुभवों और महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझने का अवसर मिलेगा। राजीव गांधी द्वारा खींची गई दुर्लभ तस्वीरें इसे और खास बनाती हैं। ये तस्वीरें केवल पुरानी यादें नहीं, बल्कि उस दौर की भावनाओं और रिश्तों की कहानी भी कहती हैं।

युवाओं और शोधार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण
अजय राय ने कहा कि ‘Belonging: A Journey of Love’ राजनीति, साहित्य और व्यक्तिगत जीवन के अनुभवों का ऐसा दस्तावेज है, जो सार्वजनिक जीवन में सक्रिय किसी व्यक्ति के पीछे छिपे मानवीय पक्ष को सामने लाता है। किसी राजनीतिक व्यक्तित्व के फैसलों और विचारों को समझने के लिए उसके जीवन के अनुभवों और परिस्थितियों को जानना भी जरूरी है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक बुद्धिजीवियों, युवाओं, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और भारतीय राजनीति में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगी। अजय राय के मुताबिक, यह महज एक आत्मकथा नहीं, बल्कि मोहब्बत, अपनेपन, पीड़ा, त्याग, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की लंबी यात्रा है। काशी में पुस्तक को लेकर दिख रही दिलचस्पी इस बात का संकेत है कि पाठक राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ उनसे जुड़े व्यक्तित्वों के निजी अनुभवों को भी जानना चाहते हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21697 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story