चिरईगांव के बराईं में मतदाता सूची जागरूकता अभियान, नाम जोड़ने व संशोधन की दी जानकारी
वाराणसी। चिरईगांव विकासखंड के बराईं ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा त्रुटियों के सुधार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) कुसुम निगम एवं साधना शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि जिन नागरिकों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो कॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य हैं।

त्रुटि सुधार के लिए भी दी गई जानकारी
बीएलओ ने उन मतदाताओं को भी जानकारी दी जिनके पिता के नाम में त्रुटि या अन्य गड़बड़ी के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे व्यक्तियों को संबंधित फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उनसे सही दस्तावेज संलग्न कर समय पर फॉर्म जमा करने का अनुरोध किया गया है, ताकि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।
अधिकारियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है।

ग्रामीणों ने किया सहयोग का आश्वासन
इस अवसर पर अश्वनी कुमार, कुसुम निगम, साधना शर्मा, सुबेदार यादव, अनिता गुप्ता सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
जागरूकता कार्यक्रम से ग्रामीणों में मतदाता सूची के प्रति जागरूकता बढ़ी और कई लोगों ने मौके पर ही नाम जोड़ने व संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।

