इंडिगो यात्री का आरोप : टूटा मिला बैगेज लॉक, शिकायत दर्ज न होने से नाराजगी
वाराणसी। मुंबई से कोलकाता की यात्रा के दौरान वाराणसी पहुंचे एक यात्री ने इंडिगो एयरलाइंस पर बैगेज के साथ लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्री का कहना है कि एयरपोर्ट पर सामान लेने के दौरान उसके बैग का लॉक टूटा हुआ मिला, लेकिन शिकायत दर्ज कराने का प्रयास करने पर भी एयरलाइन कर्मियों ने सहयोग नहीं किया।
यात्री हिमांशु मुंबई से कोलकाता जाने के लिए इंडिगो की उड़ान से वाराणसी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बैगेज बेल्ट से सामान लेने के बाद बैग का लॉक टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूद इंडिगो स्टाफ से शिकायत दर्ज कराने और मुआवजे की मांग की।
यात्री का आरोप है कि एयरलाइन के मैनेजर ने उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि यात्रा से पहले बैग पूरी तरह सुरक्षित था और किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हर उड़ान से पहले यात्रियों को अपने सामान की तस्वीर लेने की सलाह दी जाएगी, तो यह यात्रियों के लिए अतिरिक्त असुविधा होगी।
हिमांशु ने अपनी शिकायत सोशल मीडिया पर भी साझा की है और इंडिगो से उचित कार्रवाई एवं क्षतिपूर्ति की मांग की है। वहीं, इंडिगो प्रबंधन का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों से संपर्क किया गया है। एयरलाइन के अनुसार बैगेज सुरक्षा, यात्रियों के अधिकारों और शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाती है तथा मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

