गंगा की लहरों पर भारतीय शौर्य की उड़ान, मां गंगा की आरती उतार पीएम का किया अभिनंदन
सामने घाट पर नमामि गंगे के सदस्यों ने डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा के साथ की आरती, ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत का दिया संदेश
वाराणसी। काशी में गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना और आसमान में सैन्य कौशल के प्रदर्शन के बीच राष्ट्रभक्ति का रंग भी देखने को मिला। शनिवार को सामने घाट पर नमामि गंगे के सदस्यों ने मां गंगा की विशेष आरती उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। डमरुओं की थाप, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच आयोजित आरती में भारतीय वायुसेना के शौर्य को नमन किया गया। साथ ही देश की प्रगति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
रविवार, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित हवाई प्रदर्शन के मुख्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने के मद्देनजर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में श्रद्धालुओं ने मां गंगा और श्री काशी विश्वनाथ से देश की निरंतर उन्नति की प्रार्थना की। आयोजन में भारतीय वायुसेना के शौर्य के साथ स्वदेशी रक्षा तकनीक की उपलब्धियों को भी सम्मान दिया गया।

तिरंगे के साथ स्वदेशी विमानों का सम्मान
आरती के दौरान राष्ट्रध्वज तिरंगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ स्वदेशी तकनीक से निर्मित तेजस विमान, ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टरों की तस्वीरें भी शामिल की गईं। इसके माध्यम से ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और विकसित भारत के संकल्प के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। गंगा तट पर आध्यात्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
20 से अधिक विमानों के प्रदर्शन को बताया गौरव का क्षण
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना का हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ देश की सैन्य शक्ति, तकनीकी क्षमता और शौर्य का परिचायक है। विमानों की गर्जना ने काशी में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना दिया है। उन्होंने कहा कि हवाई प्रदर्शन में 20 से अधिक विमानों की भागीदारी भारतीय वायुसेना की दक्षता और सामर्थ्य को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित तेजस विमान, ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टर रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। देश में रक्षा उपकरणों का विकास ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूती देता है। गंगा तट पर आरती के माध्यम से मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही देश की सैन्य शक्ति और तकनीकी उपलब्धियों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

राष्ट्र की उन्नति और सुरक्षा की कामना
कार्यक्रम में सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह, लल्लन सिंह बांसुरी वाले, डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय, राम सिंह, ऊषा सिंह, रामाशंकर पांडेय, लीलावती द्विवेदी, तनु त्रिवेदी, गोपाल पांडेय, अवधेश सिंह और आशीष कुमार राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मां गंगा की आरती में शामिल होकर देश की उन्नति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।

