Independence Day 2026 : सुसुवाही में हर्षोल्लास के साथ मना देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस, सफाईकर्मियों का हुआ सम्मान
वाराणसी। सुसुवाही वार्ड नंबर 39 स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में स्थानीय नागरिकों, सफाईकर्मियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
समारोह में सुसुवाही की पूर्व प्रधान राजकुमारी देवी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजकुमारी देवी ने वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों को अंगवस्त्र और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर काशी के निर्माण में सफाईकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके योगदान को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है।
वार्ड पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने कहा कि क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और नगर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।

पार्षद ने कहा कि मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास एवं स्वच्छता के विजन के अनुरूप क्षेत्र में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस पर सुसुवाही स्थित एक निजी विद्यालय में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि पार्षद सुरेश पटेल ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय की समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

समारोह में पूर्व प्रधान राजकुमारी देवी, पार्षद सुरेश पटेल, बांकेलाल, विजय शंकर राय, शिवकुमार कश्यप, शैलेश वर्मा, ओमप्रकाश, कन्हैया, सुभाष, अशोक, हरेंद्र सिंह, सफाईकर्मी सुपरवाइजर रिशु गिरी सहित बड़ी संख्या में नागरिक, सफाईकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

