अधूरे सीवर निर्माण से सिरगोवर्धनपुर में बढ़ी मुश्किलें, टूटी सड़कें और खुले गड्ढों से लोग परेशान
वाराणसी। सिरगोवर्धनपुर के वार्ड नंबर-23 में चल रहे सीवर निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जनवरी माह में सीवर लाइन बिछाने के नाम पर गलियों और सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। अधूरे निर्माण कार्य के कारण लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक क्षेत्र की कई गलियों में प्लास्टिक की पाइपें सड़क के ऊपर ही छोड़ दी गई हैं, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। संकरी गलियों में लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि रात के समय खुले गड्ढे और टूटी सड़कें किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग, ठेकेदार और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि सीवर निर्माण का काम शुरू तो कर दिया गया, लेकिन उसे समय पर पूरा कराने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कई गलियां महीनों से खुदी पड़ी हैं, जिससे धूल, कीचड़ और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी के मौसम में उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, जबकि हल्की बारिश में गलियां कीचड़ से भर जा रही हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के कई घरों में शादी समारोह आयोजित होने हैं। ऐसे में टूटी सड़कें और अधूरा निर्माण कार्य परिवारों की चिंता बढ़ा रहा है। लोगों का कहना है कि बारात और मेहमानों के आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्षेत्रवासियों को यह भी डर है कि बरसात शुरू होने के बाद हालात और खराब हो जाएंगे तथा गलियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सीवर निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराई जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

