संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम ने सुनी फरियादें, 157 में सिर्फ 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। तहसील राजातालाब में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सोमवार को किया गया, जिसमें उपजिलाधिकारी शांतुन कुमार सिंनसिनवार, तहसीलदार एवं एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, नाली, खड़ंजा, सरकारी जमीन और चकरोड पर अवैध कब्जे सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

समाधान दिवस के दौरान चकलोला गांव के त्रिभुवन सिंह ने कानूनगो पर सीमांकन के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग का आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल कानूनगो को फटकार लगाई और जांच के निर्देश दिए। वहीं मेहंदीगंज गांव की लीलावती प्रजापति ने फर्जी बैनामा और जालसाजी की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा कई लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा, नाली पर अतिक्रमण, राशन कार्ड से नाम काटे जाने और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।

समाधान दिवस में कुल 157 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से केवल 7 का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।

Share this story