खबर का असर : नगर निगम हुआ सक्रिय, सुसुवाही मार्ग के सीवर लाइन से निकाली गई सिल्ट, लोगों को राहत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम प्रशासन की ओर से सुसवाही इलाके में जाम सीवर को गुरुवार को साफ करा दिया गया। इससे जलजमाव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। समस्या को लेकर Live VNS ने प्रमुखता के साथ खबर प्रसारित की थी। इसके बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हुआ। सीवर की सफाई होने के बाद लोगों को सड़क पर जमा पानी निकलने और समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। 

नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल के पास पिछले कई महीनों से सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा था। इस कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, स्थानीय निवासियों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर फैली गंदगी और बदबू से लोगों में नगर निगम के प्रति लगातार नाराजगी बढ़ रही थी।

123

नगर निगम के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। गुरुवार को सफाई कर्मचारियों और सीवर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन की जांच की। जांच के दौरान लाइन में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने की बात सामने आई, जिसके कारण पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा था। इसके बाद मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सीवर लाइन की सफाई कराई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर लगातार बह रहे गंदे पानी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। वाहन गुजरने पर गंदा पानी लोगों के कपड़ों पर उछल जाता था। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही थी। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके थे।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग बेहद व्यस्त मार्गों में शामिल है। इसी रास्ते से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्रोफेसर, कर्मचारी, मरीज और तीमारदार प्रतिदिन गुजरते हैं। इसके अलावा आसपास स्थित स्कूलों के बच्चे भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि सड़क किनारे स्थित शिव मंदिर और विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा था। इससे धार्मिक स्थलों पर आने वाले लोगों में भी नाराजगी बढ़ रही थी।

1223
क्षेत्रीय पार्षद गुड्डू पटेल ने कहा कि समस्या को लेकर लगातार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा था। खबर चलने के बाद विभाग सक्रिय हुआ और सफाई कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल लाइन की सफाई कराई गई है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाना जरूरी है ताकि भविष्य में लोगों को दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े।

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल सिल्ट निकालना पर्याप्त नहीं होगा। यदि समय-समय पर सीवर लाइन की नियमित सफाई नहीं कराई गई तो समस्या फिर से उत्पन्न हो सकती है। लोगों ने नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोबारा स्थिति खराब हुई तो क्षेत्रीय नागरिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Share this story