MLC चुनाव में शराबबंदी के दौरान अवैध बिक्री, 24 लीटर देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार, मालगोदाम रेलवे स्टेशन के पास बेच रहे थे शराब
वाराणसी। विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर शराब की दुकानों की बंदी के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। सिगरा थाना पुलिस ने मालगोदाम रेलवे स्टेशन के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विंडीज लाइम ब्रांड की 118 पाउच देसी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 24 लीटर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर शराब की दुकानों की बंदी के दौरान पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मालगोदाम रेलवे स्टेशन के पास दो व्यक्ति शराब बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बबलू पाल, निवासी संघट, थाना रोहनिया, जनपद वाराणसी और अनिल कुमार यादव निवासी जलालपुर सिरकोनी, थाना जलालपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से 118 पाउच विंडीज लाइम देसी शराब बरामद की। चुनाव के दौरान शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए पुलिस की ओर से निगरानी और गश्त की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब की बंदी के दौरान नियमों का उल्लंघन कर शराब बेचने वालों में हड़कंप मचा है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।

