वैश्विक सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में IIT-BHU की लंबी छलांग, दुनिया के शीर्ष 650 संस्थानों में बनाई जगह

WhatsApp Channel Join Now

क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में 27 पायदान ऊपर पहुंचा संस्थान, विश्व में 645वां, एशिया में 177वां और दक्षिणी एशिया में मिला 31वां स्थान

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) ने वैश्विक शैक्षणिक जगत में अपनी पहचान और मजबूत की है। संस्थान ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स : सस्टेनेबिलिटी 2027 में पिछले वर्ष की तुलना में 27 स्थानों का सुधार करते हुए वैश्विक स्तर पर 645वां स्थान हासिल किया है। वहीं, एशिया में 177वां और दक्षिणी एशिया में 31वां स्थान प्राप्त किया है। 17 नवंबर 2026 को जारी इस रैंकिंग में संस्थान का प्रदर्शन पर्यावरण संरक्षण, अनुसंधान और सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।

क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालयों के पर्यावरणीय प्रभाव, सामाजिक योगदान और संस्थागत प्रशासन का मूल्यांकन किया जाता है। इस बार आईआईटी-बीएचयू ने पर्यावरणीय प्रभाव श्रेणी में 67.7 अंक हासिल कर वैश्विक स्तर पर 437वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, सुशासन के क्षेत्र में 85.6 अंकों के साथ 499वीं रैंक हासिल की।

पर्यावरण शिक्षा में वैश्विक स्तर पर 217वीं रैंक
विभिन्न मानकों पर भी संस्थान का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में 84.3 अंक के साथ वैश्विक स्तर पर 217वां स्थान मिला। पर्यावरण अनुसंधान में 76.7 अंक हासिल किए गए। सामाजिक प्रभाव के तहत रोजगार क्षमता एवं अवसरों के लिए 77.8 अंक तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए 80.3 अंक प्राप्त हुए। ये आंकड़े संस्थान की शिक्षा, शोध और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी पहलों को रेखांकित करते हैं।

आईआईटी-बीएचयू में सतत विकास को शैक्षणिक और संस्थागत गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है। बहुविषयक अनुसंधान, पर्यावरण शिक्षा, नवाचार और उद्योग जगत के साथ साझेदारी के माध्यम से संस्थान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) में योगदान दे रहा है।

अन्य क्यूएस रैंकिंग में भी बेहतर हुआ प्रदर्शन
सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग के अलावा आईआईटी-बीएचयू ने क्यूएस एशिया रैंकिंग 2027 में भी 18 स्थानों का सुधार किया है। तीन नवंबर को जारी इस सूची में संस्थान 219वें स्थान पर रहा, जबकि पिछली बार 237वें स्थान पर था। क्यूएस दक्षिणी एशिया रैंकिंग 2026 में भी 49वें स्थान से 38वें स्थान पर पहुंचकर 11 पायदान का सुधार दर्ज किया। वहीं, जून 2026 में जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में संस्थान ने वैश्विक स्तर पर 510वां स्थान प्राप्त किया, जबकि पिछले वर्ष 566वें स्थान पर था।

सामूहिक प्रयासों का परिणाम है उपलब्धि: निदेशक
इस उपलब्धि पर आईआईटी-बीएचयू के निदेशक एवं संस्थान की रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि क्यूएस रैंकिंग में लगातार सुधार शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पूर्व विद्यार्थियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, अत्याधुनिक अनुसंधान और संस्थागत विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि नवाचार, प्रभावशाली शोध और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्योग जगत के साथ सार्थक साझेदारियों को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकता है। ये प्रयास विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप हैं और आईआईटी-बीएचयू की वैश्विक पहचान को और मजबूत करने में सहायक होंगे।

BK Pathak
BK Pathak

21843 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story