होली मिलन: कसौधन समाज ने खेली फूलों की होली, अबीर-गुलाल लगाकर बांटी खुशियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
वाराणसी। कसौधन वैश्य नवयुवक समिति के तत्वावधान में रविवार को सोनिया क्षेत्र स्थित एक निजी लॉन में कसौधन समाज द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलते हुए उत्सव का आनंद लिया। पूरे आयोजन में भाईचारे, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर संगम देखने को मिला।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुणे निवासी व्यवसायी एवं समाजसेवी राजू कसौधन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत डमरू दल द्वारा बाबा श्री काशी विश्वनाथ का आह्वान करने के साथ हुई। इसके बाद महिला सदस्यों ने समूह स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा।
स्वागताध्यक्ष रजनीश कसौधन ने मंच से सभी अतिथियों और समाज के लोगों का स्वागत करते हुए उन्हें मंचासीन कराया। मुख्य अतिथि राजू कसौधन ने अपने संबोधन में समाज के लोगों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा व सामाजिक एकता को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। छोटे-छोटे बच्चों ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समिति की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया। समारोह के दौरान अध्यक्ष प्रवीण कसौधन (एडवोकेट) और महामंत्री पंकज कसौधन ने समाज के मेधावी बच्चों को “शिक्षा सम्मान” प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को “प्रतिभागी सम्मान” देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रमुख व्यवसायी एवं समाजसेवी संतोष कसौधन, राम जी कसौधन, जवाहर लाल कसौधन, राम दयाल कसौधन, राजेंद्र कसौधन और डॉ. विनय कसौधन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को समाज को एकजुट करने और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष एवं व्यवसायी गुरु प्रसाद कसौधन ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम और एकता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर विनोद कसौधन, काशी नरेश कसौधन, संजय कसौधन, अवधेश कसौधन, राजेश कसौधन (राजू), किशन कसौधन, मनीष कसौधन, सुरेश कसौधन, सुनील कसौधन, उत्तम कसौधन, साहिल कसौधन, अंकित कसौधन, अमित कसौधन, प्रदीप कसौधन, शशि कसौधन, मनोज कसौधन, अनिल कसौधन और जय प्रकाश कसौधन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

