वाराणसी में LGBT समुदाय के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। Mata Anandamayi Hospital में बुधवार को Prismatic Foundation के तत्वावधान में एलजीबीटी (LGBT) समुदाय और आम लोगों के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य हाशिए पर रहने वाले समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और एचआईवी, टीबी, शुगर तथा यौन संचारित रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

  वाराणसी में LGBT समुदाय के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

निःशुल्क जांच और दवाओं का वितरण
शिविर के दौरान प्रतिभागियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच शामिल रहीं। साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की।

सुरक्षित व्यवहार और नियमित जांच पर जोर
LGBT अधिकारों के लिए कार्य कर रहे सैम ने सुरक्षित यौन व्यवहार, नियमित जांच और कंडोम के उपयोग के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एचआईवी अब एक प्रबंधनीय स्थिति है, यदि समय रहते इसकी पहचान और इलाज हो जाए। वहीं प्रिज्मैटिक फाउंडेशन की नीति ने विशेष रूप से LGBT समुदाय के युवाओं को यौन स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं।

उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में एचआईवी मरीज
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के अनुसार देश में करीब 23 से 24 लाख लोग एचआईवी के साथ जीवन जी रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में अनुमानित 1.5 से 2 लाख लोग एचआईवी संक्रमित हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि जागरूकता की कमी और सामाजिक कलंक के कारण LGBT समुदाय, सेक्स वर्कर्स और अन्य संवेदनशील समूहों में संक्रमण का खतरा अधिक बना हुआ है।

  वाराणसी में LGBT समुदाय के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने की जरूरत
प्रिज्मैटिक फाउंडेशन के हेतवी ने कहा कि सामाजिक भेदभाव के कारण LGBT समुदाय अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं से दूर रह जाता है, इसलिए ऐसे शिविर बेहद जरूरी हैं। वहीं अस्पताल के प्रशासक देवाशीष दास ने बताया कि वाराणसी जैसे बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में जागरूकता और नियमित जांच सेवाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है।

  वाराणसी में LGBT समुदाय के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। धन्यवाद ज्ञापन अनामिका ने किया। शिविर में रूमान, श्रेया, अनुराग, आर्या, तानिया, कार्तिक, दक्ष, एलेक्स, चंदन, नैंसी, सुमन, साहिल और तैन समेत कई लोग मौजूद रहे।

Share this story