बरेका में सेवानिवृत्त होने वाले पांच कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई, योगदान को किया याद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बरेका में गुरुवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में पांच कर्मचारियों को ससम्मान भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पूरे बरेका परिवार ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

123

समारोह में सेवानिवृत्त होने वालों में एस.एस.ई./फिटर बसंत लाल विश्वकर्मा, एस.एस.ई./विद्युत अजय कुमार, वरिष्ठ तकनीशियन/फिटर प्रमोद कुमार, वरिष्ठ तकनीशियन/फिटर गोरख पासवान तथा वरिष्ठ तकनीशियन/फिटर कमलेश सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी कर्मचारियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारी बरेका परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए न केवल बरेका बल्कि भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की कार्यशैली और अनुभव आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और बरेका से जुड़े अपने भावनात्मक रिश्तों को व्यक्त किया। कई कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल की यादगार घटनाओं को साझा करते हुए सहकर्मियों और अधिकारियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों ने भी बरेका परिवार के साथ अपने जुड़ाव को साझा किया और संस्था के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राजकुमार गुप्ता ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की। वहीं मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव ने किया।

Share this story