स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, अस्पतालों में बेड रिजर्व रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बीमारी की रोकथाम और जनजागरुकता के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी राजकीय चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए बेड रिजर्व रखने तथा उपचार में उपयोग होने वाली दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू एक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बोलने से निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के जरिए फैल सकती है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, थकान और कमजोरी शामिल हैं। कुछ मामलों में उल्टी या दस्त की शिकायत भी हो सकती है।

विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खांसते और छींकते समय नाक व मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकने, साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ धोने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखने और उसके संपर्क में आने से बचने पर भी जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों को भी मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Share this story