'नानक आया, नानक आया' के जयकारों से गूंजी काशी, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा
- फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी, पंज प्यारे और कीर्तन जत्थे बने आकर्षण का केंद्र
- स्कूली बच्चों ने दिया स्वच्छ काशी का संदेश, जगह-जगह पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण से हुआ स्वागत
वाराणसी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को वाराणसी में भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। 'सतिगुर नानक प्रगटिआ, मिटि धुन्ध जग चानण होआ' और 'नानक आया, नानक आया, कल तारण गुरु नानक आया' के जयकारों से काशी की सड़कें गूंज उठीं। फूलों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी, पंज प्यारे, कीर्तन जत्थे और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह प्रसाद वितरित किया गया।

गुरुद्वारा गुरुबाग से दोपहर करीब 12:30 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब और पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सिख समाज के साथ बड़ी संख्या में नानक नाम लेवा श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। गुरुवाणी कीर्तन और शबद गायन से पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

लक्सा से सिगरा तक गूंजती रही गुरुवाणी, जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरुबाग से प्रारंभ होकर लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा चौराहा और रथयात्रा होते हुए शाम करीब सात बजे वापस गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंची।
इस दौरान हथुआ मार्केट, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा, अशोक नगर और गांधी नगर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रही। मार्ग में बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा के दर्शन के लिए उपस्थित रहे।
फूलों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी, पंज प्यारे बने आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी वाले वाहन को फूलमालाओं और विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

गुरु साहिब की पालकी के साथ घुड़सवार और पैदल चल रहे पंज प्यारे श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। कीर्तन मंडलियां गुरुवाणी का गायन करते हुए आगे बढ़ रही थीं।
सिख समाज की महिलाएं और श्रद्धालु भी शबद-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

स्कूली बच्चों के बैंड ने मोहा मन, स्वच्छ काशी का दिया संदेश
शोभायात्रा में गुरु नानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज गुरुबाग, गुरु नानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुबाग और गुरु नानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इन विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी भी आयोजन में शामिल रहे। गुरु नानक इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों के बैंड की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यार्थियों ने गुरुवाणी से जुड़े शबदों का गायन किया और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के मानवता, प्रेम और आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

इस दौरान स्कूली बच्चे हाथों में 'स्वच्छ काशी-सुंदर काशी' के बैनर लेकर चल रहे थे। उन्होंने शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
शोभायात्रा के आगे सड़क की सफाई करते चले श्रद्धालु
शोभायात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया।
काशी की साध संगत के श्रद्धालु शोभायात्रा के आगे सड़क की सफाई और धुलाई करते हुए चल रहे थे। इसका उद्देश्य पूरे मार्ग की स्वच्छता और शोभायात्रा की पवित्रता बनाए रखना था।

आयोजकों की ओर से प्रकाश व्यवस्था, बैंड-बाजों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध किया गया था।
गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचने पर पुष्पवर्षा, अरदास के बाद अटूट लंगर
शाम करीब सात बजे शोभायात्रा के वापस गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचने पर पुष्पवर्षा और आरती के साथ भव्य स्वागत किया गया।
गुरुद्वारे में शबद-कीर्तन और अरदास का आयोजन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।

23 और 24 नवंबर को होंगे विशेष शबद-कीर्तन और धार्मिक आयोजन
गुरुद्वारा गुरुबाग के मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
इसके उपलक्ष्य में 23 नवंबर की शाम और 24 नवंबर को पूरे दिन गुरुद्वारा गुरुबाग में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थे शबद-कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह ने शोभायात्रा के आयोजन में सहयोग करने वाले काशीवासियों का आभार जताया। उन्होंने सिख समाज और सभी नानक नाम लेवा श्रद्धालुओं से प्रकाश पर्व के आयोजनों में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता, समानता, सेवा, प्रेम और आपसी भाईचारे की प्रेरणा देता है। प्रकाश पर्व के आयोजन इन्हीं संदेशों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम हैं।



