वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई: अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 24 बोतल शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 9780 रुपये बताई जा रही है।

स्टेशन परिसर में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
रेलवे पुलिस द्वारा स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पूर्वी छोर काशी साइड के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की।

a

बैग से बरामद हुई शराब की खेप
तलाशी के दौरान युवक के बैग से 22 बोतल रॉयल स्टैग (375 एमएल) और 2 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर 24 बोतल शराब जब्त की गई। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।

बिहार का रहने वाला है आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीतीश कुमार चौहान बताया, जो बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कई एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में जीआरपी के साथ-साथ आरपीएफ और सीआईबी की टीम भी शामिल रही। सभी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ा और अवैध शराब बरामद की।

अपराधियों पर सख्ती का संदेश
रेलवे पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान स्टेशन परिसर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए किया जा रहा है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this story