अच्छी फोटोग्राफी के अच्छा कैमरा नहीं, रघु राय जैसी दृष्टि जरूरी, बीएचयू में याद किए गए प्रख्यात फोटोग्राफर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दिग्गज फोटोग्राफर रघु राय और शहर के वरिष्ठ छायाकार प्रदीप पांडेय ‘रवि’ को गुरुवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम बीएचयू के महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान और लाला दीनदयाल फोटो आर्ट सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दोनों दिवंगत फोटोग्राफरों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। मुख्य वक्ता कला विज्ञ आर. गणेशन ने कहा कि फोटोग्राफी में रघु राय की दृष्टि एक कुशल जौहरी जैसी थी, जो हर दृश्य में अनमोल क्षण पहचान लेते थे। उन्होंने रघु राय के उस प्रसिद्ध कथन का उल्लेख किया कि “अच्छी फोटो के लिए महंगे कैमरे की नहीं, अच्छी नजर की जरूरत होती है।”

123

संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तकनीक नहीं, बल्कि दृष्टि और जुनून का संगम है। यही दृष्टि रघु राय को ऊंचाइयों तक ले गई। कार्यक्रम में मशहूर फोटोग्राफर कृष्ण देव ने फोटोग्राफी को ‘एप्लाइड आर्ट’ बताते हुए कहा कि रघु राय ने ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों के माध्यम से समाज को बेहद सहज और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

आनंद बरनवाल ने कहा कि एक फोटोग्राफर को अपने विषय से भावनात्मक रूप से जुड़ना जरूरी होता है, तभी तस्वीर जीवंत बनती है। वहीं उदाती दादा ने कहा कि फोटोग्राफी का विषय समय के साथ बदलता है और रघु राय ने आजादी के बाद के भारत को अपने कैमरे में बखूबी कैद किया।

वरिष्ठ पत्रकार अजय राय ने कहा कि रघु राय हर तस्वीर में एक जीवंत क्षण को पकड़ने की अद्भुत क्षमता रखते थे। उन्होंने उनके कथन “जो भटकता है, वही पाता है” का उल्लेख करते हुए कहा कि यही उनकी सफलता का मूल मंत्र था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रदीप पांडेय ‘रवि’ को भी श्रद्धांजलि देते हुए उनके संवेदनशील कार्यों को याद किया। गंगारविंद और ओ.पी. चौबे ने भी दोनों फोटोग्राफरों के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर स्लाइड शो के माध्यम से रघु राय के प्रसिद्ध चित्रों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन गणेश राय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रभा शंकर मिश्रा ने किया। सभा में बड़ी संख्या में पत्रकार, फोटोग्राफर, शोधार्थी और छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने दोनों दिवंगत हस्तियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Share this story