एचपीवी टीकाकरण जागरुकता अभियान में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इनर व्हील क्लब सेंट्रल वाराणसी, प्लान इंडिया, मोगली ट्रस्ट तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों और समाज को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की छात्राओं द्वारा लगाई गई चित्रकला एवं पोस्टर प्रदर्शनी रही। छात्राओं ने अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से एचपीवी वैक्सीन के महत्व और कैंसर से बचाव का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों और जागरूकता संदेशों की अतिथियों ने सराहना करते हुए छात्राओं के प्रयासों की प्रशंसा की।

123

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या साधना राय ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिरक्षण अधिकारी श्वेत कुमार सिंह एवं डॉ. अदिति सिंह ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता, उचित आयु में टीकाकरण के लाभ तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इनर व्हील क्लब सेंट्रल वाराणसी की अध्यक्षा नीमा अग्रवाल ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। वहीं प्लान इंडिया के प्रतिनिधि अनुराग और रिया ने कहा कि किशोरियों को सही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्या साधना राय ने सभी सहयोगी संस्थाओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, अतिथियों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डॉ. अदिति सिंह, श्वेत कुमार सिंह, साधना राय, नीमा अग्रवाल, अनुराग, रिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story