बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अभिकल्प विभाग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, तकनीकी नवाचार पर दिया जोर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बुधवार को अभिकल्प विभाग का व्यापक निरीक्षण कर विभाग में चल रही तकनीकी गतिविधियों, डिज़ाइन विकास कार्यों और आधुनिक अभिकल्पन प्रक्रियाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और नवाचार आधारित कार्यसंस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

123

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान यूनीग्राफिक्स 3-डी सॉफ्टवेयर के माध्यम से डब्ल्यूएपी-7 पुश-पुल लोकोमोटिव के कैब इंटीरियर डिज़ाइन मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने चालक दल की सुविधा, सुरक्षा और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए कैब को अधिक आधुनिक, एर्गोनॉमिक और क्रू-फ्रेंडली बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोको कैब का डिज़ाइन केवल तकनीकी मानकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें मानव-केंद्रित सुविधाओं का भी समावेश होना जरूरी है, ताकि चालक दल को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

123

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने निर्यातित लोकोमोटिव के अंडर फ्रेम डिज़ाइनिंग कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संरचनात्मक मजबूती और वैश्विक गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के लिए अंडर फ्रेम के डिज़ाइन एनालिसिस और स्ट्रक्चर स्ट्रेंथ परीक्षण हेतु फाइनाइट एलिमेंट एनालिसिस (एफईए) को जल्द से जल्द आरडीएसओ भेजने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षण प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

123

महाप्रबंधक ने विभाग के कंप्यूटर रूम, प्रिंटिंग सेक्शन, वेंडर डेवलपमेंट सेक्शन, इलेक्ट्रिक सेक्शन और कंप्यूटर एडेड डिज़ाइन (कैड) रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, डिजिटलीकरण और कार्यस्थल के सुव्यवस्थित विकास पर बल दिया। साथ ही अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और आधुनिक डिज़ाइन तकनीकों के प्रभावी उपयोग की सराहना भी की।

उन्होंने विभाग में अत्याधुनिक डिज़ाइन कॉन्फ्रेंस रूम विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए अनुसंधान, तकनीकी विचार-विमर्श और नवाचार आधारित कार्यप्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका आधुनिक तकनीक, नवाचार आधारित अभिकल्पन और उच्च गुणवत्ता मानकों के माध्यम से भारतीय रेल ही नहीं, बल्कि वैश्विक रेल क्षेत्र की जरूरतों को भी सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है। इस दौरान मनीष कुमार, अनुराग कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार, कौशलेश सिंह और सागर सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story