बारिश में दुर्गाकुंड क्षेत्र में फैला कचरा, संक्रामक बीमारियों का खतरा, नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल
वाराणसी। बरसात का मौसम शुरू होते ही दुर्गाकुंड क्षेत्र में नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आनंद पार्क के पास स्थित सुलभ शौचालय से सटे सड़क मार्ग पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे और सड़कों पर बिखरे कूड़े के कारण क्षेत्र में गंदगी का माहौल बन गया है। बारिश होने पर कूड़ा सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां अक्सर यहां आकर कूड़ा खड़ा कर देती हैं, लेकिन उसका समय पर निस्तारण नहीं किया जाता। परिणामस्वरूप कूड़ा सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैल जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के कारण कूड़ा भीगकर सड़ने लगता है, जिससे तेज दुर्गंध उठती है। इसके अलावा मच्छर, मक्खियां और अन्य कीट-पतंगों की संख्या भी बढ़ जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की अनदेखी सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।
आनंद पार्क के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, बच्चे और राहगीर आते-जाते हैं। वहीं सुलभ शौचालय का भी लगातार उपयोग होता है। ऐसे में शौचालय के समीप फैली गंदगी न केवल क्षेत्र की छवि खराब कर रही है, बल्कि लोगों के लिए गंभीर स्वास्थ्य संकट भी पैदा कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम नियमित सफाई और समय पर कूड़ा निस्तारण के दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। यदि समय पर कूड़ा उठाया जाए और उसे निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया जाए, तो इस समस्या से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि आनंद पार्क के पास फैले कूड़े का तत्काल निस्तारण कराया जाए। साथ ही कूड़ा वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने की व्यवस्था समाप्त कर नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि बरसात के मौसम में गंदगी और बीमारियों के खतरे से लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि स्वच्छ शहर का दावा तभी सार्थक होगा, जब मोहल्लों में सफाई व्यवस्था धरातल पर भी प्रभावी दिखाई दे।

