दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि ने सीएम योगी की दिवंगत माता को दी श्रद्धांजलि, दीपदान कर की गतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर काशी में भी शोक व्यक्त किया गया। दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती के दौरान गंगा सेवा निधि की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान मां गंगा की गोद में दीपदान कर दिवंगत आत्मा की शांति और सद्गति के लिए बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ से प्रार्थना की गई।

श्रद्धांजलि सभा में गंगा सेवा निधि के सदस्यों के साथ हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दशाश्वमेध घाट का माहौल शोक और श्रद्धा से भरा रहा। श्रद्धालुओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समस्त काशीवासी बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ और मां गंगा से यही प्रार्थना करते हैं। इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव सहित संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


