भारत-पाक मुकाबले से पहले काशी में टीम इंडिया की जीत के लिए गंगा आरती, श्रद्धालुओं ने मांगा विजय का आशीर्वाद
वाराणसी। महिला टी-20 विश्व कप क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले अहम मुकाबले से पहले काशी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के लिए विशेष प्रार्थना की गई। रविवार को नमामि गंगे टीम की ओर से विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती उतारी गई और भारतीय टीम की विजय की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ से भी टीम इंडिया को जीत का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान दशाश्वमेध घाट पर देशभक्ति, आस्था और खेल भावना का अद्भुत संगम दिखाई दिया। नमामि गंगे के कार्यकर्ता भारत माता की तस्वीर, क्रिकेट किट, बैट, गेंद और तिरंगा लेकर गंगा द्वार पहुंचे। यहां भारतीय महिला टीम की जीत के लिए शंखनाद किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “चक दे इंडिया” और “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” जैसे नारों से पूरा घाट गूंज उठा।
घाट पर मौजूद माताओं, बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं ने एक स्वर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। लोगों ने मां गंगा के समक्ष दीप जलाकर खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन और देश का गौरव बढ़ाने की कामना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि भारतीय टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरे और पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करे।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि क्रिकेट भारत में केवल खेल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावना और जुनून है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने परिश्रम और बेहतरीन प्रदर्शन से विश्व क्रिकेट में मजबूत पहचान बनाई है। टीम ने कई मौकों पर देश को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हमेशा विशेष महत्व रखता है। ऐसे में काशी की पावन धरती से मां गंगा और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर भारतीय टीम मैदान में उतरे, यही सभी की कामना है। उन्होंने विश्वास जताया कि 140 करोड़ भारतीयों की दुआएं टीम इंडिया के साथ हैं और खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजय मंत्र का जाप किया। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी से उठी यह प्रार्थना देशभर के क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं का प्रतीक बन गई। इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, महानगर सह-संयोजक सारिका गुप्ता, शंकर द्विवेदी, हनुमान प्रसाद, कन्हैया तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

