सेल्फ डिफेंस से सशक्तिकरण की ओर : 'नई सुबह एक उम्मीद' संस्था ने लड़कियों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। समाज में महिलाओं और लड़कियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में 'नई सुबह एक उम्मीद' सामाजिक संस्था लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में संस्था ने सराय सुरजन वार्ड स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क में लड़कियों और महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कैंप  का आयोजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सभासद मदन मोहन जी को संस्था की ओर से माला और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था की अध्यक्ष ममता और सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अनीस ने संयुक्त रूप से किया।

vns

सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग के लिए विशेष रूप से आमंत्रित विजय कुमार सिंह ने लड़कियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक और उपयोगी तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय आत्मरक्षा के सही तरीकों का उपयोग कर कोई भी लड़की खुद को सुरक्षित रख सकती है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कुछ उपयोगी योगासन भी सिखाए। संस्था की ओर से उन्हें इस योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

इस मौके पर वालंटियर्स सूरज पाल और रवि कुमार ने उपस्थित लड़कियों और महिलाओं को मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन स्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग दी। साथ ही, कोविड-19 संक्रमण की संभावित वापसी को देखते हुए सभी को सावधानी बरतने और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

संस्था अध्यक्ष ममता ने बताया कि ‘नई सुबह एक उम्मीद’ कई वर्षों से महिलाओं और किशोरियों के बीच शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। वर्तमान में संस्था रुक्मणी इंटर कॉलेज, लिटिल स्टार स्कूल सहित कई निजी विद्यालयों में नि:शुल्क सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग भी संचालित कर रही है। प्रशिक्षण के दौरान लड़कियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी भी दी जाती है।

इस अभियान में समाजसेवियों डॉ. रहमत अली और अजरा बीबी ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने समुदाय की लड़कियों को इस मुहिम से जोड़ने में अहम योगदान दिया। कार्यक्रम की सफलता में विजय कुमार, मोहम्मद अनीस, रामबाबू, मंगलेश्वर प्रसाद, सुमित बिंद, करम भारती, सूरत पाल, रवि कुमार, किरण देवी और रेशमा देवी सहित कई स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली लड़कियों में सपना कुमारी, शबाना, खुशबू, जॉनसन बेबी, शिवानी कुमारी, सना, रक्षा, प्रियंका, अंशु, रागिनी, मोनिका, मौसम, आरुही, मीठी, नूर आफरीन, अप्सरा, गुड़िया, समा, आयशा, सोनम बीबी आदि शामिल थीं। कार्यक्रम का समापन विजय कुमार सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Share this story