गायों के बेहतर प्रजनन प्रबंधन हेतु पशुपालकों को नि:शुल्क विटामिन E युक्त मिनरल मिक्सचर वितरित

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एससीएसपी परियोजना के तहत क्षेत्र के पाँच पशुपालकों को गायों के बेहतर प्रजनन प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विटामिन ई युक्त मिनरल मिक्सचर नि:शुल्क वितरित किया गया।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन कुमार सिंह, पशुपालन वैज्ञानिक श्रीमती पूजा सिंह, डॉ. श्री प्रकाश सिंह, डॉ. अमितेश सिंह, डॉ. प्रतिक्षा सिंह, डॉ. राहुल सिंह और डॉ. मनीष पांडेय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. नवीन कुमार सिंह ने पशुपालकों को बताया कि विटामिन ई युक्त मिनरल मिक्सचर गायों के शरीर में आवश्यक खनिज तत्वों की कमी को पूरा करता है। इससे पशुओं का स्वास्थ्य सुधरता है और उनकी प्रजनन क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि इस मिश्रण के उपयोग से गायों को खनिज की कमी से होने वाली कई बीमारियों से भी बचाव मिलता है।

पशुपालन वैज्ञानिक श्रीमती पूजा सिंह ने बताया कि यह मिनरल मिक्सचर पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, शारीरिक स्वास्थ्य सुधारने और प्रजनन विफलता को कम करने में बहुत कारगर है। उन्होंने बताया कि इसे पशुओं के आहार में 30 से 40 ग्राम प्रति पशु प्रति दिन की दर से दिया जा सकता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों में पोषण प्रबंधन और वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था ताकि पशुओं की उत्पादकता और स्वास्थ्य दोनों में सुधार हो सके।

Share this story