मिर्जामुराद में हाईवे पर दो अलग-अलग हादसों में चार कांवरिये घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अलग-अलग सड़क हादसों में चार कांवरिये घायल हो गए। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति के संबंध में पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दी।

पहली घटना मेंहदीगंज गांव के सामने हाईवे की कांवरिया लेन पर हुई। बताया गया कि बाइक सवार कांवरिये बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने के लिए वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीन कांवरिये सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे में जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के चक इंग्लिश गांव निवासी किशन, सतीश और किशन चौहान घायल हुए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया। साथ ही हादसे की जानकारी घायलों के परिजनों को दी गई।

सड़क पार करते समय गिरकर घायल
दूसरी घटना रखौना अंडरपास ओवरब्रिज के समीप हुई। प्रयागराज जिले के मऊ थाना क्षेत्र के कहली दुल्हेपुर गांव निवासी अखिलेश गुप्ता हाईवे की दक्षिणी लेन पार कर रहे थे। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अखिलेश को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उनका उपचार किया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को भी दी। लगातार दो हादसों के बाद पुलिस ने कांवरिया मार्ग पर श्रद्धालुओं से सावधानीपूर्वक यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिसकर्मियों ने हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी भी बढ़ाई।

Share this story