पहली बार बरेका में होगा राष्ट्रीय स्तर का प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट, वाराणसी को मिलेगी नई खेल पहचान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) खेल जगत में एक नई उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। पहली बार बरेका के गोल्फ कोर्स में प्रतिष्ठित डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 16 से 18 जून 2026 तक किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से न केवल बरेका को पेशेवर गोल्फ के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, बल्कि वाराणसी भी देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।

123

उत्कृष्ट खेल अवसंरचना, प्राकृतिक सौंदर्य और उच्च स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित बरेका गोल्फ कोर्स को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट देश के उभरते गोल्फ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और पूर्वी भारत में गोल्फ खेल के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

123

प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन कार्यक्रम के अनुसार 13 जून को गोल्फ कोर्स की अंतिम तैयारियां और तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। 14 जून को प्रो-एम (Pro-Am) इवेंट आयोजित होगा, जिसमें बरेका के गोल्फरों और पेशेवर खिलाड़ियों की संयुक्त टीमें 9-होल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। यह मुकाबला शाम 4 बजे से शुरू होगा और इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

123

15 जून को प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए अभ्यास राउंड निर्धारित किया गया है, जिससे वे कोर्स की परिस्थितियों और तकनीकी चुनौतियों से परिचित हो सकें। इसके बाद 16 से 18 जून तक मुख्य प्रतियोगिता खेली जाएगी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि गोल्फ को जन-जन तक पहुंचाने और नए खिलाड़ियों को अवसर देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में इस प्रतिष्ठित आयोजन से शहर की पहचान खेल पर्यटन के क्षेत्र में भी मजबूत होगी।

प्रतियोगिता को डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के आधिकारिक कैलेंडर में प्रमुख स्थान दिया गया है। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, खेल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। इससे बरेका की उत्कृष्ट खेल सुविधाओं, प्रबंधन क्षमता और भारतीय रेल की खेल प्रोत्साहन परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। यह आयोजन वाराणसी, बरेका और भारतीय गोल्फ जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा।

Share this story