कोहरे की मार : हवाई सेवाएं प्रभावित, 20 उड़ानें लेट, यात्रियों को परेशानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। घने कोहरे के चलते लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, वाराणसी पर सोमवार को हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। खराब दृश्यता के कारण कुल 20 उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित की गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक असर मुंबई-वाराणसी-मुंबई सेक्टर की उड़ानों पर देखा गया।

मुंबई से वाराणसी आने वाली एक उड़ान अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से एयरपोर्ट पर पहुंची। वहीं वाराणसी से मुंबई जाने वाली उड़ान भी तय समय से काफी विलंब से रवाना हुई। कोहरे के कारण रनवे पर दृश्यता कम होने से विमान संचालन में दिक्कतें आईं, जिसके चलते एयरलाइंस को उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सोमवार को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के कारण विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग में बाधा उत्पन्न हुई। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद सहित कई प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली उड़ानों के समय प्रभावित हुए। कुछ उड़ानें 30 से 50 मिनट की देरी से पहुंचीं, जबकि कुछ को एक से दो घंटे तक का इंतजार करना पड़ा।

कोहरे के चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कई यात्री समय पर अपने गंतव्य तक न पहुंच पाने से परेशान दिखे। कुछ यात्रियों ने एयरलाइंस काउंटर पर जानकारी लेने के लिए लंबी कतारें लगाईं, जबकि कई यात्रियों ने अपनी आगे की यात्रा योजनाओं में बदलाव किया।

एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस कंपनियों की ओर से यात्रियों को उड़ानों की स्थिति की जानकारी दी जाती रही। अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार के बाद धीरे-धीरे उड़ानों का संचालन सामान्य किया गया। हालांकि, दिनभर कुछ न कुछ उड़ानों में देरी का सिलसिला जारी रहा।

Share this story