छठ पर घर वापसी मुश्किल, तीन गुना तक महंगा हुआ फ्लाइट का किराया
वाराणसी। महापर्व डाला छठ पर घर लौटने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महानगरों से वाराणसी और अन्य स्थानों तक आने वाली फ्लाइटों में सीटें नहीं बची हैं। जो सीटें बची भी है, उनका किराया तीन से चार गुना अधिक है। ऐसे में नियमित फ्लाइट से सफर करने वालों को भी ट्रेनों, बसों और निजी साधन से घर आना पड़ रहा है।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे महानगरों से वाराणसी आने वाली फ्लाइटों में सीटें नहीं हैं। जो सीटें उपलब्ध हैं, उनका किराया आसमान छू रहा है। यात्री विमान से सफर करने का विकल्प तलाश रहे हैं, लेकिन त्योहार के बाद बढ़ी मांग का असर हवाई किराये पर भी दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों में जिन शहरों के लिए विमान का किराया पांच हजार रुपये तक रहता है, वही किराया इन दिनों 13 हजार रुपये से अधिक पहुंच गया है। दिल्ली का किराया 3500 रुपये से बढ़कर 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। हैदराबाद का किराया बढ़कर 15 से 20 हजार रुपये के बीच हो गया है।
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार, यात्रियों की संख्या बढ़ने से किराये में उछाल आया है। त्योहार के बाद किराया में कमी आ सकती है।

