मणि मंदिर में पांच दिवसीय अन्नकूट महोत्सव का शुभारंभ, रंग-विरंगी रोशनी से जगमगाया धर्मसंघ, मां अन्नपूर्णा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर (धर्मसंघ) में शुक्रवार को त्रयोदशी के अवसर पर पांच दिवसीय अन्नकूट महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन मंदिर में विराजमान स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के विग्रह के साथ मां अन्नपूर्णा और महादेव के भिक्षा विग्रह का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन के उपरांत धर्मसंघ के महामंत्री पंडित जगजीतन पाण्डेय ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच धान का लावा और खजाना प्रसाद स्वरूप वितरित किया। प्रसाद पाने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में पूरे दिन दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।
पंच दिवसीय महोत्सव को लेकर संपूर्ण धर्मसंघ परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और फूलों की मालाओं से मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप दिया गया है। वहीं, मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों और शिवलिंगों का विशेष श्रृंगार किया गया है। मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।
इस वर्ष कार्तिक मास के विशेष धार्मिक आयोजन के तहत मंदिर परिसर में 21 आकाशदीप भी प्रज्ज्वलित किए गए हैं। आकाशदीपों की रोशनी और विद्युत सज्जा से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आ रहा है। आगामी चार दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और पूजन के साथ अन्नकूट महोत्सव जारी रहेगा।

