चौबेपुर के गौराकलां में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, हजारों का सामान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौराकलां बाजार में शुक्रवार तड़के एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कमलेश गुप्ता, निवासी चुनार (मिर्जापुर), गौराकलां बाजार में स्वर्गीय लालचंद के कटरे में 'श्रीदयाल इलेक्ट्रॉनिक' नाम से दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने आवास चले गए थे। शुक्रवार तड़के दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार और ग्राम प्रधान राजेश कुमार को सूचना दी।

123

सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और चिरईगांव पुलिस चौकी को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दुकानदार कमलेश गुप्ता ने बताया कि आग की वजह से दुकान में रखा पंखा, कूलर, विद्युत वायर, स्विच, एलईडी लाइट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

Share this story