आसमान में गरजे फाइटर जेट, जमीन पर सफाई कर्मियों ने संभाला मोर्चा, भोर चार बजे से काम पर लगे, चमकाए घाट
वाराणसी। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर काशी की सड़कों और घाटों को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम के सफाई कर्मी मैदान में डटे रहे। एयर शो के पहले दिन शहर में उमड़ी भीड़ के बीच स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोर चार बजे से विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया। अस्सी घाट सहित भेलूपुर जोन के विभिन्न इलाकों में सफाई कर्मियों ने कूड़ा हटाने के साथ उसके तत्काल निस्तारण पर जोर दिया।

तीन दिवसीय एयर शो को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की थी। आयोजन स्थलों के आसपास सड़कों, गलियों और घाटों पर सफाई कराई गई, ताकि लोगों को गंदगी का सामना न करना पड़े। जहां आसमान में विमानों के करतब देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी, वहीं जमीन पर सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता संभालते नजर आए।

शिवेश तिवारी के नेतृत्व में चला अभियान
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, भेलूपुर जोन शिवेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि मेयर और नगर आयुक्त के निर्देश पर अस्सी घाट और आसपास के क्षेत्रों में सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। कर्मचारियों को सक्रिय रखते हुए कूड़ा तत्काल उठाने और क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का प्रयास किया गया।

सुपरवाइजरों के साथ जुटे कर्मचारी
अभियान में सुपरवाइजर अनुजय, बृजेंद्र और घनश्याम ने जिम्मेदारी संभाली। रामजी, आशा, मटरू, वंदना, ललिता, गोलू, रोहित, अविनाश, शकुन्तला और राजा सहित अन्य सफाई कर्मचारी भी जुटे रहे। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर सफाई कर व्यवस्था दुरुस्त रखने का प्रयास किया।

बड़े आयोजन में स्वच्छता पर जोर
एयर शो के दौरान घाटों और सड़कों पर बढ़ी आवाजाही के बीच सफाई व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। ऐसे में सुबह से शुरू हुए अभियान ने आयोजन स्थलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। आसमान में वायुसेना के शौर्य के साथ जमीन पर सफाई कर्मियों की मेहनत भी काशी की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी।



