मिर्जामुराद में पिता ने सौतेली बेटी के साथ किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज, आरोपी पिता फरार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति पर अपनी 15 वर्षीय सौतेली बेटी से कई बार दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात कराने और धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद शुक्रवार रात मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपित फरार है।

तहरीर के अनुसार महिला की वर्ष 2017 में दूसरी शादी हुई थी। पहले पति से उसकी 15 वर्षीय बेटी है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सौतेले पिता की नीयत नाबालिग बेटी पर खराब थी। पीड़िता की मां का आरोप है कि पिछले कई महीनों से आरोपित ने बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। अप्रैल में नाबालिग के गर्भवती होने पर आरोपित ने दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। साथ ही किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

आरोप है कि 13 जुलाई को आरोपित नाबालिग को घर से अपने साथ ले गया और कुछ घंटे बाद वापस छोड़ गया। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Share this story