दिवंगत मुख्य आरक्षी के परिवार को मिला ₹20 लाख का बीमा चेक, पुलिस आयुक्त बोले- पुलिसकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गंभीर बीमारी के कारण दिवंगत हुए मुख्य आरक्षी रवि प्रकाश सिंह की पत्नी को ₹20 लाख की बीमा धनराशि का चेक प्रदान किया। यह सहायता बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा संचालित यूपी पुलिस सैलरी पैकेज के तहत उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय व्यवसाय प्रमुख (आरबीडीएम) धर्मेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त और बैंक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दिवंगत मुख्य आरक्षी के आश्रित परिवार को बीमा राशि का चेक सौंपा। रवि प्रकाश सिंह का निधन गंभीर बीमारी के कारण हुआ था।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में रहकर समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व निभाते हैं। ऐसे कर्मनिष्ठ पुलिसकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में आर्थिक सहयोग परिवार को संबल देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनता है।
पुलिस आयुक्त ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे नवीनतम पुलिस सैलरी पैकेज की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत दुर्घटना बीमा कवरेज बढ़ाकर ₹2.30 करोड़ तक कर दिया गया है। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सुरक्षा मिलेगी तथा आकस्मिक परिस्थितियों में उन्हें प्रभावी वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी योजनाएं पुलिस बल के मनोबल को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होंगी।

