बरेका में कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर आयोजित, 35 में से 13 शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बरेका में गुरुवार को कर्मशाला के लोको डिवीजन के नवीन बैठक कक्ष में कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन और प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी के निर्देशन में किया गया। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) एम. ए. अंसारी ने की।

शिविर में कर्मचारियों ने पदोन्नति, वेतन, अवकाश, रेलवे पास और प्रोत्साहन (इंसेंटिव) सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 35 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।

कार्यक्रम के दौरान कार्मिक विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं और शंकाओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक चर्चा की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि लंबित प्रकरणों का भी नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर में सहायक कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) पीयूष मिंज, कर्मचारी परिषद के सदस्य सुशील कुमार सिंह एवं मनीष कुमार सिंह सहित लेखा विभाग, टाइम ऑफिस, कार्मिक विभाग के कल्याण निरीक्षक और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कर्मचारी परिषद के सदस्यों ने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए कार्मिक प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद, समन्वय और सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने भी आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह के शिकायत निवारण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Share this story