भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम काशी आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां, 10 स्वागत प्वाइंट पर होगा भव्य स्वागत
वाराणसी। नव निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 7 जनवरी को प्रथम काशी आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक और भव्य तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। काशी की परंपरा, संस्कृति और गरिमा के अनुरूप स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भाजपा के क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारी पूरी तरह जुटे हुए हैं। इस क्रम में रोहनियां स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का प्रथम काशी आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गाजीपुर से सड़क मार्ग द्वारा सायं लगभग 5 बजे वाराणसी की सीमा में प्रवेश करेंगे। कैथी से लेकर सर्किट हाउस तक कुल 10 स्वागत प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे, डमरू दल, शंखध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत करेंगे। स्वागत यात्रा मार्ग को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया जा रहा है, वहीं पूरे शहर में सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि वाराणसी जिले की सीमा में चार स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। ये प्वाइंट क्रमशः कैथी, चौबेपुर चौराहा, सन्दाहा चौराहा और आशापुर चौराहा पर होंगे। इन स्थानों पर जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक पारंपरिक शैली में स्वागत करेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि वाराणसी महानगर क्षेत्र में छह स्वागत प्वाइंट तय किए गए हैं। इनमें आशापुर फ्लाईओवर के नीचे, पहड़िया चौराहा, पाण्डेयपुर स्थित काली मंदिर, पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा और सर्किट हाउस शामिल हैं। इन सभी प्वाइंट्स पर महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे और ढोल-नगाड़ों व पुष्प वर्षा के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वागत कार्यक्रम को भव्य, ऐतिहासिक और अनुशासित बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश शुक्ला, सुरेश सिंह, मधुकर पांडेय, प्रवीण सिंह गौतम, शैलेश पांडेय, अरविंद पटेल, संतोष सोलापुरकर, सुरेन्द्र पटेल, शिवानंद राय, संदीप केशरी, सिद्धार्थ मौर्या, अश्वनी पांडेय सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

