बरेका में शुरू हुआ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 15 मई से 5 जून तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बरेका पश्चिमी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पौधा लगाकर किया तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर सभी को जागरूक रहने का संदेश दिया।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति का आधार हैं और स्वच्छ हवा, जलवायु संतुलन तथा स्वस्थ जीवन के लिए इनका संरक्षण बेहद जरूरी है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को उन्होंने प्रकृति और मातृत्व से जुड़ा एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायी प्रयास बताया, जो समाज को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्मचारी परिषद के सदस्यों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।

बरेका में चल रहे “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा जनभागीदारी आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story