'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: डीसीपी प्रमोद कुमार ने पुलिस लाइन में किया वृक्षारोपण, पुलिसकर्मियों को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शासन के विशेष अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" के तहत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन वाराणसी में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

डीसीपी प्रमोद कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।

अभियान के दौरान थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, थाना शिवपुर के प्रभारी निरीक्षक अजीत वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं, वरुणा जोन के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया।






