ईद मिलादुन्नबी पर काशी में बदला जुलूस का स्वरूप, अनुमति वाली गाड़ियों की ही एंट्री, भेलूपुर में सघन चेकिंग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (स.) की पैदाइश की खुशी में ईद मिलादुन्नबी बुधवार को काशी में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाई जा रही है। मुस्लिम बहुल इलाकों में आकर्षक सजावट की गई है और जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।

123

इस बार रेवड़ी तालाब से निकलने वाले मदहे सहाबा के जुलूस के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया गया है। पिछले वर्षों में जहां जुलूस में करीब 1500 से अधिक चार पहिया वाहन शामिल होते थे, वहीं इस बार प्रशासन ने वाहनों की संख्या सीमित कर दी है। प्रशासन की ओर से निर्धारित संख्या में वाहनों को ही जुलूस में शामिल होने की अनुमति दी गई है और अधिकृत वाहनों को विशेष पास जारी किए गए हैं।

123

जुलूस के दौरान निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों के शामिल होने की सूचना पर पुलिस ने होटल ब्रॉडवे के पास चेकिंग शुरू की। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मी जुलूस में शामिल वाहनों की सूची लेकर मौके पर तैनात रहे। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन मिले, जिनके नंबर प्रशासन की अनुमति वाली सूची में दर्ज नहीं थे। पुलिस ने इन वाहनों को आगे जाने से रोक दिया और उनमें सवार लोगों को पैदल जाने के लिए कहा।

123

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जुलूस के पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी वाहन को निर्धारित सूची में नंबर का मिलान होने के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

123

एक हजार पुलिसकर्मी, ड्रोन से निगरानी
ईद मिलादुन्नबी को लेकर शहर में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। एसीपी भेलूपुर ने जुलूस के पूरे मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी जुलूस और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रख रही है। अधिकारियों ने आयोजकों और जुलूस में शामिल लोगों से प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन करने की अपील की है।

123

दालमंडी से रेवड़ी तालाब तक सजावट
पर्व को लेकर दालमंडी, नई सड़क, बेनिया, लोहता, सरैयां, ककरमत्ता, मदनपुरा, रेवड़ी तालाब और पीलीकोठी समेत कई इलाकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नई सड़क पर रंग-बिरंगी झालरों से विशेष सजावट की गई है। मरकजी यौमुन्नबी कमेटी की ओर से हड़हा सराय से निकलने वाले जुलूस की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।

123

123

Share this story